राहुल गांधी की यात्रा को अमित शाह ने क्यों बताया ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’? तेजस्वी पर बोले ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’
गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार के खगड़िया में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” निकालकर देश के घुसपैठियों की रक्षा नहीं कर सकते। शाह ने जनता से कहा कि देश की सुरक्षा के लिए ऐसे नेताओं को जवाब देना जरूरी है जो देश के दुश्मनों का साथ देते हैं।
वोट अधिकार यात्रा पर कसा तंज़
अमित शाह ने राहुल गांधी की अगस्त में निकाली गई “वोट अधिकार यात्रा ” पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” निकालकर देश के घुसपैठियों की रक्षा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता देश की सुरक्षा के मुद्दे पर हमेशा भ्रम फैलाने का काम करते हैं।
नीतीश राज में अपराधों में हुई कमी
शाह ने आगे कहा कि बिहार में एनडीए के 20 साल के शासन में गंभीर अपराधों में काफी कमी आई है। उन्होंने तेजस्वी यादव के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा, “मैं सुन रहा था कि लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव बिहार में लूट, हत्या और अपराध की बात कर रहे हैं। यह तो वही बात हुई — ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।’”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार के पिछले 20 साल के कार्यकाल में बिहार में हत्या के मामलों में 20 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का मामला नहीं है, बल्कि यह तय करने का वक्त है कि राज्य में ‘जंगलराज’ लाना है या ‘विकासराज’। शाह ने कहा कि जिन लोगों का भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड रहा है, वे बिहार का विकास नहीं कर सकते। केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार जैसे नेता, जिन पर एक पैसे का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, वे ही राज्य को आगे बढ़ा सकते हैं।

तेजस्वी बोले बीजेपी पिछड़ों से करती है नफरत
वहीं विपक्षी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी पिछड़े वर्गों से आने वाले नेताओं से डरती है। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन ने विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और अतिपिछड़ा वर्ग के नेता मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी की अतिपिछड़ा वर्ग के प्रति नफरत अब सबके सामने आ गई है।
तेजस्वी यादव ने पटना में कहा कि बीजेपी बार-बार हमारे उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी की नियुक्ति पर सवाल उठा रही है। उन्होंने पूछा कि अमित शाह को एक अतिपिछड़ा वर्ग (EBC) नेता की नियुक्ति से इतनी परेशानी क्यों है? तेजस्वी ने कहा कि जो बीजेपी नेता अल्पसंख्यकों को ‘घुसपैठिया’ कहकर पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं, वही अब पूछ रहे हैं कि गठबंधन ने मुस्लिम नेता को डिप्टी सीएम क्यों नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि हमारा देश सभी का है — धर्म और जाति से ऊपर उठकर हर भारतीय ने इस देश के निर्माण में योगदान दिया है।