कर्नूल में चलती वोल्वो बस बनी आग का गोला! 20 की जिंदा जलकर हुई मौत,एक बाइक की टक्कर से धधक उठी लग्जरी बस
आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर चलते-चलते एक वोल्वो लग्जरी बस अचानक आग का गोला बन गई। हादसा चिन्ना टेकुरु गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 20 की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं और अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। मरने वालों में एक बाइक सवार भी शामिल है। अब तक 12 मृतकों की पहचान हो चुकी है।
कैसे हुआ हादसा?
यह बस कावेरी ट्रैवल्स कंपनी की थी और हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, बस की सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस के अगले हिस्से में आग लग गई, जो कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन में फैल गई। यात्रियों के मुताबिक, बस में एसी और बंद केबिन जैसी सीटें थीं, जिससे धुआं और लपटें अंदर ही भर गईं। कई यात्री बाहर निकलने की कोशिश में झुलस गए, जबकि कुछ ने खिड़कियां तोड़कर या कूदकर अपनी जान बचाई। करीब 12 लोग किसी तरह बाहर निकल पाए, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हैं।
भयावह दृश्य, राख में तब्दील हुई पूरी बस
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि पूरी बस कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों और बचाव दलों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब आग बुझाई गई, तब बस का ढांचा पहचान में नहीं आ रहा था। बस में फंसे यात्रियों को निकालने का कार्य देर तक चलता रहा।
राहत व बचाव अभियान
दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस ने घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया।अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है, क्योंकि कई यात्री लापता हैं। फिलहाल प्रशासन ने मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री नायडू ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा —
“यह बेहद दर्दनाक हादसा है। पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदना है। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा रही है और घटना की पूरी जांच कराई जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि पीड़ितों को हर संभव राहत और मुआवजा दिया जाए।

जांच जारी
पुलिस और फायर विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। प्राथमिक अनुमान है कि टक्कर के बाद डीज़ल टैंक में आग लगी, जिसने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा हाल ही में राजस्थान में हुए बस अग्निकांड की याद दिलाता है, जिसमें 22 लोगों की जान गई थी।