गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले अंबालाल पटेल की बड़ी भविष्यवाणी,बोले —“आने वाले साल में सरकार को सावधान रहना होगा।”

गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में जल्द ही पहला बड़ा फेरबदल और विस्तार होने वाला है। इस बदलाव से पहले ही मशहूर भविष्यवक्ता और मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने राज्य की राजनीति को लेकर चौंकाने वाली भविष्यवाणी कर दी है।
उन्होंने कहा है कि “आने वाले वर्ष में गुजरात सरकार के सामने कई आंदोलन और विरोध प्रदर्शन खड़े हो सकते हैं।” उनका कहना है कि भूपेंद्र पटेल का कामकाज सही दिशा में है, लेकिन राज्य में लोगों के भीतर रोष बढ़ रहा है जो आगे चलकर विस्फोट की तरह सामने आ सकता है।
“स्प्रिंग की तरह उछलेगा दबा हुआ गुस्सा”
इसी बीच अंबालाल पटेल की भविष्यवाणी ने सबका ध्यान खींच लिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “स्प्रिंग की तरह उछलेगा दबा हुआ गुस्सा।” आपको बता दें, अंबालाल पटेल ने गुजराती न्यूज़ चैनल ‘जी-24 कलाक’ से बातचीत में कहा, “मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का प्रशासन अच्छा चल रहा है, लेकिन आने वाले साल में कई तरह के आंदोलन उठ खड़े होंगे। मैं यह बात अपनी ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर कह रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “राज्य में लोग डर की वजह से अपनी बात खुलकर नहीं कह पा रहे हैं। लोगों की आवाज़ को इस तरह दबाया गया है जैसे स्प्रिंग को दबाकर रखा गया हो। जब समय आएगा, तो यह स्प्रिंग और ज़ोर से उछलेगी। यानी विरोध अचानक और बड़े पैमाने पर सामने आएगा।” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब सौराष्ट्र क्षेत्र में किसान संगठन आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं और आम आदमी पार्टी (AAP) भी ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

राज्य में विरोध और आंदोलन की पृष्ठभूमि
हाल के महीनों में गुजरात में किसानों और युवाओं की नाराज़गी के कई मामले सामने आए हैं। बोटाद जिले में आंदोलनकारियों पर पुलिस की सख्ती को लेकर सवाल उठे हैं। कई स्थानों पर फसल बीमा और बिजली दरों को लेकर किसान लामबंद हुए हैं। सौराष्ट्र और कच्छ में सूखे जैसी स्थिति के कारण भी लोगों में असंतोष बढ़ा है। अंबालाल पटेल का कहना है कि यह असंतोष आने वाले महीनों में ‘आंदोलन के रूप में सामने आ सकता है।’ उन्होंने कहा, “सरकार को अपने लोगों की बात सुननी चाहिए। जनता को बहुत ज़्यादा दबाव में रखना सही नहीं है, नहीं तो विरोध विकराल रूप ले सकता है।”
अंबालाल ने अंत में यह भी कहा
“सरकार को ध्यान रखना होगा, मैं कोई राजनीति नहीं कर रहा, लेकिन जो ग्रह दशा दिखा रही है, वह बताना मेरा काम है। आने वाला समय सरकार के लिए परीक्षा का होगा। बीजेपी को लोगों की भावनाओं को समझकर कदम उठाना होगा, वरना विरोध बढ़ सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन सिर्फ राजनीतिक नहीं होंगे, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और किसान से जुड़े मुद्दों पर भी हो सकते हैं।

‘अंबालाल पटेल’ कौन हैं?
अंबालाल पटेल सिर्फ ज्योतिषी नहीं, बल्कि मौसम की सटीक भविष्यवाणियों के लिए भी जाने जाते हैं। कई बार उन्होंने गुजरात में बारिश, तूफान और सूखे की सटीक भविष्यवाणी की है। उनकी पहचान एक ‘गुजरात के बाबा वेंगा’ जैसी बन चुकी है, क्योंकि उनके अनुमान अक्सर सही साबित होते हैं। उनका कहना है कि इस बार की भविष्यवाणी भी ज्योतिषीय आधार पर की गई है और सरकार को इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।
गांधीनगर में सियासी हलचल तेज
2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिलने के बाद अब तक भूपेंद्र पटेल की टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था। लेकिन कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी का मकसद है कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले युवा नेताओं और नए चेहरों को टीम में शामिल किया जाए। इससे सरकार में नई ऊर्जा आए और जनता से जुड़ाव बढ़े।
क्या है 2027 का समीकरण?
अंबालाल पटेल की भविष्यवाणी ऐसे वक्त आई है जब बीजेपी 2027 के चुनावों की रणनीतिक तैयारी में जुटी है। पार्टी चाहती है कि नए मंत्रियों को समय रहते जिम्मेदारी दी जाए ताकि वे जनता के बीच जाकर काम कर सकें। दूसरी ओर, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों 2027 में सत्ताधारी दल को चुनौती देने की तैयारी कर रही हैं। भविष्यवाणी से भले ही सरकार के फैसलों पर असर न पड़े, लेकिन यह राजनीतिक माहौल में एक नई बहस जरूर छेड़ चुकी है।