Fact Check
Search

बुर्का पहनकर फरार हुई हत्या की आरोपी महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे! ऐसा था ‘लेडी गोडसे’ का प्रोफेसर से अपराध तक का सफ़र

बुर्का पहनकर फरार हुई हत्या की आरोपी महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे! ऐसा था ‘लेडी गोडसे’ का प्रोफेसर से अपराध तक का सफ़र

अलीगढ़: हिंदू महासभा की चर्चित नेता और “लेडी गोडसे” के नाम से प्रसिद्ध महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे ,अभिषेक गुप्ता हत्याकांड की मुख्य आरोपी हैं। अध्यात्म से अपराध तक का यह सफर पूरे धार्मिक जगत और राजनीतिक हलकों में सनसनी का विषय बन गया है।

हत्या का आरोप और विवाद की जड़

पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ निवासी अभिषेक गुप्ता, पूजा शकुन के गांव का ही रहने वाला था, पढ़ाई के दौरान उनके संपर्क में आया था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन रिश्ता बिगड़ने पर तनाव गहराया। इसी निजी विवाद और व्यावसायिक वजहों ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।

अभिषेक ने अगस्त 2025 में “बालाजी ऑटोमोबाइल्स” नाम से शोरूम खोला था, जिसके ठीक दस दिन बाद पूजा शकुन ने सामने ही “राधा ऑटो व्हील्स” शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस प्रतिस्पर्धा और व्यक्तिगत रंजिश के चलते हत्या की योजना बनाई गई।

जांच में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस जांच में सामने आया कि पूजा शकुन ने अभिषेक को एक महीने में 700 से अधिक बार कॉल किए। परेशान होकर अभिषेक ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया था। गिरफ्तार शूटर फजल ने पूछताछ में बताया कि हत्या के पीछे आर्थिक विवाद और व्यक्तिगत रंजिश दोनों कारण थे।
हत्या की रात पूजा शकुन के पति अशोक पांडे खुद को मेडिकल कॉलेज में दिखाने गए ताकि उन पर शक न हो। इसके बाद पूजा शकुन लाल सूट और बुर्का पहनकर फरार हो गईं।

“लेडी गोडसे” बनीं महामंडलेश्वर

पूजा शकुन पांडे का असली नाम अन्नपूर्णा भारती है। उन्होंने पीएचडी करने के बाद प्रोफेसर के रूप में करियर शुरू किया था, लेकिन बाद में अध्यात्म की ओर मुड़ गईं। 2016 में वे अखिल भारतीय हिंदू महासभा से जुड़ीं और 2021 में निरंजनी अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि दी।

2019 में उन्होंने गांधी के पुतले पर गोली चलाने की घटना से देशभर में सुर्खियां बटोरीं और “लेडी गोडसे” कहलाने लगीं।

पुलिस की दो टीमें सक्रिय

फिलहाल अलीगढ़ पुलिस पूजा शकुन और उनके पति अशोक पांडे की तलाश में जुटी है।
एक टीम राजस्थान, जबकि दूसरी पूर्वांचल में उनकी संभावित मौजूदगी की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद हत्या से जुड़े और कई राज़ सामने आ सकते हैं।

विवादों से पुराना नाता

गांधी पुतला गोलीकांड के अलावा 2022 में भी पूजा शकुन पर धार्मिक टिप्पणी को लेकर मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। महामंडलेश्वर बनने के बाद उनकी आलीशान जीवनशैली, राजनेताओं से करीबी और धार्मिक प्रभाव ने उन्हें एक प्रमुख चेहरा बना दिया था।

admin

Hi I am admin

Leave a Comment

Your email address will not be published.