पाकिस्तान का दावा: ‘TTP चीफ नूर वली मेहसूद मारा गिराया ! काबुल में धमाकों के पीछे PAK एयरफोर्स?

TTP चीफ को मारने का दावा, तालिबान सरकार बोली– कोई नुकसान नहीं, सब कंट्रोल में है
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अचानक हुए तेज धमाकों और फायरिंग की आवाजों ने शहर में सनसनी फैला दी है । पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार दावा किया जा रहा है कि ये हमला पाकिस्तानी एयरफोर्स के नेतृत्व में हुआ जिसमें उसने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के प्रमुख मुफ्ती नूर वली मेहसूद को इस हमले में मार गिराया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में धमाकों के बाद धुएं का गुबार और जेट विमानों की आवाज़ें सुनी जा सकती हैं। हालांकि, इस हमले की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, लेकिन विभिन्न स्रोतों से अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
पाकिस्तान का दावा: TTP को बनाया निशाना
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हवाई हमला पाकिस्तान एयरफोर्स ने किया था, जिसका लक्ष्य तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का शीर्ष नेतृत्व था। खबरों के अनुसार, इस हमले में TTP प्रमुख मुफ्ती नूर वली मेहसूद की मौत हो गई है। 2018 से संगठन की कमान संभाल रहे नूर वली पर पाकिस्तान में कई आतंकी हमलों की साजिश रचने का आरोप था।
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों ने दावा किया कि TTP को अफगानिस्तान में तालिबान शासन से अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ण समर्थन मिलता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में TTP के दो अन्य सीनियर कमांडर, कारी सैफुल्लाह मेहसूद और खालिद मेहसूद के भी मारे जाने की खबर है। लेकिन अभी तक अफगान सरकार या किसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसी ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय नुकसान की भी खबरें, लेकिन पुष्टि नहीं
कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हवाई हमले में रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचा है।
कुछ नागरिकों के मारे जाने या घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
तालिबान सरकार की प्रतिक्रिया: जांच जारी
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि काबुल शहर में एक बड़ा धमाका हुआ है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, उन्होंने किसी हवाई हमले या नुकसान की पुष्टि नहीं की।
उन्होंने बयान में कहा,
“स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घबराने की कोई बात नहीं है। अफगान सुरक्षा एजेंसियां मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं।”
टीटीपी सरगना के बच निकलने का दावा
इसी बीच, एक कथित ऑडियो क्लिप सामने आई है, जिसमें टीटीपी सरगना नूर वली मेहसूद ने दावा किया कि वह सुरक्षित हैं।
ऑडियो में उन्होंने कहा कि वह काबुल में नहीं बल्कि अपने कबायली इलाके में हैं, और उनकी मौत की खबरें झूठी हैं। वहीं, अफगान मीडिया आउटलेट अमु टीवी ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया कि नूर वली महसूद हमले में मारे गए हैं।
पाकिस्तान के लिए बड़ा खतरा: TTP
TTP यानी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान एक कट्टरपंथी आतंकवादी संगठन है, जो पाकिस्तान में सैकड़ों आतंकी हमलों की जिम्मेदारी ले चुका है।
बीते कुछ वर्षों में TTP के हमलों में 1,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जिनमें सुरक्षा बलों के जवान और आम नागरिक शामिल हैं। पाकिस्तान लंबे समय से इस संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करता रहा है।
भारत-तालिबान रिश्तों पर भी नजर
इसी बीच, अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत जारी है। यह यात्रा 9 से 16 अक्टूबर तक चलेगी और यह तालिबान शासन के 2021 में सत्ता संभालने के बाद भारत में आने वाला पहला उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल है।