हमास के इजराइल पर हमले को 2 साल पूरे, खंडहर में तब्दील गाजा में कैसे है हालात !
7 अक्टूबर 2023 वह तारीख है जिसे याद करके हर किसी की रूह काँप जाती है। आज ही के दिन 2 साल पहले हमास ने इजराइल पर हमला किया था, जिसमे इजराइल के 1,200 लोग मारे गए। इसके बाद इजराइल ने गाजा पर लगातार हमले शुरू कर दिए। पिछले 2 सालों में इजराइल ने गाजा पर कई मिसाइलें दागीं और रॉकेट हमले किए, जिससे पूरा इलाका तबाह हो गया।
गाजा आज भी पूरी तरह तबाह है। जो मकान और बिल्डिंग पहले खड़े थे, वे अब खंडहर में बदल चुके हैं। लोगों ने अपने मोबाइल और लैपटॉप पर रोते हुए बच्चों, भूखे लोगों और अपने अपनों के शवों को दफनाते हुए हजारों वीडियो देखी हैं। इस युद्ध में अब तक कम से कम 50000 फिलिस्तीनी मारे गए और एक लाख से अधिक घायल हुए हैं।
भुखमरी बनी बड़ी समस्या
युद्ध के अलावा गाजा में भुखमरी भी बड़ी समस्या बन गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार गाजा के कुछ हिस्सों में भुखमरी फैली हुई है। हर 5 में से 1 बच्चा कुपोषित है और मौतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर तक कम से कम 440 लोग भूख से मरे, जिनमें 147 बच्चे भी शामिल हैं ।
हमास सिर्फ सैन्य संगठन के दम पर नहीं , बल्कि राजनीतिक और वैचारिक रूप से भी गाजा में मजबूत है। इजराइल के हमले ही हमास के लिए मौका बन जाते हैं। जब इजराइल हमला करता है, तो गाजा के लोगों में गुस्सा और बदला लेने की भावना पैदा होती है, जिससे वे हमास के साथ जुड़ जाते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जब तक फिलीस्तीनियों को स्वतंत्र राज्य का सपना पूरा नहीं होता, तब तक हमास को लोगों का समर्थन मिलता रहेगा। ACLED की रिपोर्ट के मुताबिक, अब इजराइल हमास के प्रशासनिक ढांचे जैसे नगरपालिका, पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर भी हमले कर रहा है ताकि गाजा पर उनका नियंत्रण कमजोर हो सके।

शांति प्रस्ताव को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन इसके बावजूद इजराइल गाजा पर हमले रोक नहीं रहा है। सोमवार को इजराइल के हमलों में गाजा में 10 लोग मारे गए। वहीं, शुक्रवार से अब तक इन हमलों में कुल 104 लोग अपनी जान गवा चुके हैं।
युद्धविराम के लिए लगातार बातचीत हो रही है। इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव से सहमत हैं। अब सभी की निगाहें हमास की सहमति पर हैं। मिस्र में बातचीत जारी है और ट्रंप ने इस पर पॉजिटिव संकेत दिए हैं।