Fact Check
Search

मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब पर करोड़ों की ठगी के आरोप , 20 से ज्यादा मामले दर्ज

मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब पर करोड़ों की ठगी के आरोप

जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब, उनके बेटे अनस और पत्नी पर 100 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप।

संभल पुलिस ने अब तक 20 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं और परिवार के खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया है।

 

देश भर में अपने स्टाइलिश हेयरकट और सैलून चैन के लिए मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब इन दिनों किसी फैशन शो के लिए नहीं, बल्कि करोड़ों की ठगी के बड़े मामले को लेकर चर्चा में हैं।

देश के जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। क्रिकेटर और बॉलीवुड स्टार्स के हेयर स्टाइलिस्ट रह चुके हैं। देश भर में उनके 900 से ज्यादा सैलून और एकेडमी हैं। उनकी ब्रांड वैल्यू इतनी मजबूत है कि छोटे शहरों के लोग भी उनके नाम पर फ्रेंचाइज़ी खोलने को तैयार रहते हैं।

100 से अधिक लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोप

संभल में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब, उनके बेटे अनस हबीब, और परिवार के अन्य सदस्यों पर 100 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में अब तक 20 से ज्यादा एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस ने परिवार के खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया है। दिल्ली और मुंबई के ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी शुरू कर दी गई है। जांच में जावेद हबीब की पत्नी कंपनी की फाउंडर पाई गई हैं। संभल पुलिस जावेद हबीब की संपत्तियों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल कर रही है।

2 साल पुराना मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला 2 साल पुराना है। साल 2023 में संभल के सरायतरैन इलाके में स्थित रॉयल पैलेस वीकेंड हाल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम फॉलिकल ग्लोबल कंपनी (FLC) के नाम से किया गया था। कार्यक्रम के मंच पर खुद जावेद हबीब और उनके बेटे अनस हबीब मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में पहुंचे करीब डेढ़ सौ लोगों को जावेद हबीब ने भरोसा दिलाया कि अगर वे उनकी कंपनी में निवेश करेंगे, तो उन्हें 50 से 75% तक मुनाफा मिलेगा। विदेशी निवेश और सफलता की गारंटी जैसे वादों से प्रभावित होकर कई लोग उनके साझे में आ गए और 100 से ज्यादा लोगों ने 5 से 7 लाख रुपये तक की रकम FLC कंपनी में जमा कर दी।

निवेश बाइनेंस कॉइन और बिटकॉइन के नाम पर कराया गया था, लेकिन कुछ ही महीनों में कंपनी का पता तक नहीं चला। धीरे-धीरे एक साल बीत गया, लेकिन निवेशकों को कोई मुनाफा नहीं मिला।

जब लोगों ने कंपनी और हबीब सैलून से संपर्क किया, तो उन्हें टालमटोल किया गया। निवेशकों का आरोप है कि जब उन्होंने रकम वापस मांगी, तो कंपनी के स्थानीय प्रभारी सैफुल्लाह ने उन्हें बहलाना शुरू कर दिया। कुछ ही दिनों में कंपनी का नामोनिशान मिट गया और जावेद हबीब अपने परिवार के साथ फरार हो गए। संभल में जावेद हबीब के नाम पर जो ऑफिस था, उस पर भी अब ताला लग चुका है।

शुरुआत में कुछ पीड़ितों ने रायसत्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच में 100 से ज्यादा निवेशक सामने आए।
अब तक जावेद हबीब, उनके बेटे अनस, पत्नी और कंपनी हेड सैफुल्लाह के खिलाफ 20 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि यह एक सुनियोजित ठगी नेटवर्क है, जिसमें लोगों को “ग्लोबल हेयर इंडस्ट्री में निवेश” का झांसा देकर पैसा लिया गया।
जांच में पता चला कि FLC कंपनी की फाउंडर हबीब की पत्नी हैं, और परिवार ने मिलकर निवेशकों को चूना लगाया। पुलिस ने लुक-आउट नोटिस जारी किया है और उनके बैंक खातों व संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है।
संभल पुलिस जल्द ही दिल्ली और मुंबई में छापेमारी करेगी, जहां ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।
एसपी के.के. बिश्नोई के मुताबिक, जांच में डिजिटल ट्रांजेक्शन और बिटकॉइन तक की पड़ताल हो रही है, और जरूरत पड़ने पर हबीब परिवार की संपत्ति ज़ब्त की जाएगी।

admin

Hi I am admin

Leave a Comment

Your email address will not be published.