कांग्रेस नेता उदित राज ने पीएम मोदी को बताया आधुनिक रावण
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं के विवादित बयान रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में पीएम मोदी की मां को लेकर की गई टिप्पणी पर हंगामा हुआ था, और अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने प्रधानमंत्री की तुलना कलयुग के रावण से करते हुए नया विवाद खड़ा कर दिया है।
उदित राज का विवादित बयान
मीडिया से बातचीत में उदित राज ने कहा:
“पीएम मोदी आधुनिक रावण का प्रतीक हैं। जिस तरह से वह अपना सोने का महल बना रहे हैं, एक बार जब वह उसमें प्रवेश करेंगे तो वही सोने का महल जलकर राख हो जाएगा।”
भाजपा का पलटवार
इस बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान न करने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस अब मोदी-विरोधी और भारत-विरोधी एजेंडे पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। पहले माओवादी और आरएसएस को आतंकवादी कहा, फिर प्रधानमंत्री की मां का अपमान किया और अब उन्हें रावण बता दिया।
“मोहब्बत के दुकानदार नहीं, नफरत के भाईजान”
शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी हैं, जो मल्लिकार्जुन खरगे का स्वास्थ्य खराब होने पर उनका हालचाल पूछते हैं। यह संघ के संस्कारों को दर्शाता है। दूसरी ओर राहुल गांधी हैं, जो प्रधानमंत्री को डंडे से मारने की बात करते हैं और उनकी ओबीसी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करते हैं। यह साबित करता है कि वे मोहब्बत के दुकानदार नहीं, बल्कि नफरत के भाईजान हैं।
भाजपा ने उदित राज के बयान को कांग्रेस की नफरत की राजनीति का उदाहरण बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के ऐसे बयानों से जनता का कांग्रेस पर भरोसा लगातार कमजोर होता जा रहा है।
सीएम स्टालिन, राज्यपाल और बीजेपी दफ़्तर को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट