ऑपरेशन सिंदूर में भारत की करारी चोट, पाक के लड़ाकू विमान और ठिकाने ध्वस्त – एयर चीफ बोले
एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह का दावा – ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमान और ठिकाने निशाना बने
वायुसेना के एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और लड़ाकू विमानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान के चार से पांच लड़ाकू विमान, संभवत, एफ-16 और जेएफ-17, नष्ट किए गए।
एयर चीफ ने ऑपरेशन को हाल के वर्षों की सबसे महत्वपूर्ण सैन्य कार्रवाई करार देते हुए कहा कि यह तीनों सेनाओं थल, जल और वायु के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण था। उनके मुताबिक़ हमलों से पाकिस्तान के कुछ हवाई अड्डों, रडार सिस्टम, कमांड-कंट्रोल सेंटर और रनवे को क्षति पहुंची। साथ ही उन्होंने कहा कि एक सतह-से-हवा तक मार करने वाली मिसाइल प्रणाली भी निष्क्रिय की गई।
एपी सिंह ने बताया, कि भारतीय सेनाओं ने दुश्मन इलाके में लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता दिखाई और कुछ मामलों में 300 किलोमीटर अंदर तक लक्ष्य भेदे गए। उन्होंने यह भी कहा कि देश की हवाई रक्षा प्रणालियाँ, विशेषकर एस-400 जैसी व्यवस्था, निर्णायक साबित हुईं और उनके कारण विरोधी विमानों को आगे बढ़ने में कठिनाई हुई।
पाकिस्तान के दावों को किया खारिज
पाकिस्तान की तरफ से वायुसेना पर हुए नुकसान के दावों को एयर चीफ ने खारिज किया और कहा कि पाकिस्तानी के दावे ‘कहानियों’ जैसे हैं। उन्होंने कहा कि हमने प्रमाण जारी किए, उनकी ओर से कोई ठोस तस्वीर या सबूत नहीं दिखाया गया। एयर चीफ ने यह भी कहा कि पाक ने दावा किया कि उन्होंने हमारे 15 विमान गिरा दिए, तो यह उनकी ही समस्या है, वास्तविकता अलग है।
CDS जनरल अनिल चौहान भी बोले थे
इसी मामले पर एक दिन पहले CDS जनरल अनिल चौहान ने बताया था कि “7 मई की मध्यरात्रि को आतंकियों के ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की गई थी और यह समय इसलिए चुना गया ताकि आम नागरिकों को कम से कम जोखिम हो।”
एपी सिंह ने वैश्विक संघर्षों का हवाला देकर कहा कि “युद्ध को किस तरह सीमित और निर्णायक रूप से समाप्त किया जाए, इस पर दुनिया भारत से सीख सकती है। उन्होंने यह भी जताया कि हर लड़ाई की भारी कीमत होती है, इसलिए जब उद्देश्य हासिल हो जाए तो संघर्ष को आगे बढ़ाना समझदारी नहीं।”