पश्चिम बंगाल के बहरामपुर पंडाल में ट्रंप को महिषासुर का रूप दिया गया, जबकि नोएडा में बारिश से रावण और मेघनाथ के पुतले गिरे।
जानें इन अनोखे और वायरल किस्सों की पूरी कहानी।
पश्चिम बंगाल के बहरामपुर स्थित खागड़ा श्मशान घाट दुर्गा पूजा समिति ने इस बार सबसे अलग पंडाल बनाया है। यहां मां दुर्गा की मूर्ति के साथ महिषासुर का रूप अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को दिया गया है। सोशल मीडिया पर यह मूर्ति तेजी से वायरल हो रही है और इसे देखने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
समिति ने बताया कि ट्रंप के इस रूप को इसलिए चुना गया है क्योंकि उनका मानना है कि ट्रंप ने भारत को धोखा दिया है। समिति ने आरोप लगाया कि भारत पर लगाया गया 50 प्रतिशत टैरिफ गलत है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप को अपना मित्र मानते थे। इस अनोखी मूर्ति को कलाकार आसिम पाल ने तैयार किया है। मूर्ति का अनावरण बहरामपुर नगरपालिका के मेयर नारण गोपाल मुखर्जी ने किया।
गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिससे भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में टैक्स बढ़ गया और वहां भारतीय सामान की मांग कम हो गई। इसके अलावा, ट्रंप कई बार सार्वजनिक मंचों से यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया था, हालांकि भारत ने इन दावों को खारिज कर दिया है।
नोएडा में बारिश से रामलीला प्रभावित
वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा में मंगलवार सुबह एक घंटे की बारिश और तेज हवाओं के कारण रामलीला मैदान में पानी भर गया। इस दौरान रावण और मेघनाथ के पुतले एक के बाद एक गिर गए। समिति को सूचना मिलने पर क्रेन की मदद से पुतलों को दोबारा खड़ा किया गया। आयोजकों ने बताया कि पुतलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है और अब स्थिति सामान्य है। हर साल की तरह इस बार भी दशहरे की तैयारी अपने अंतिम चरण में है।