नई दिल्ली में आयोजित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ खान ने अपने नए साल्ट-एंड-पेप्पर लुक के साथ सभी का ध्यान खींचा है । उनका यह अंदाज भले ही बदल गया हो, लेकिन उनके चेहरे की मुस्कान और व्यक्तित्व की चमक उतनी ही शानदार बनी हुई थी। इस लुक ने फैंस को उनके सुपरहिट फिल्म वीर-ज़ारा की याद दिला दी।
शाहरुख़ खान ने काले रंग का क्लासिक सूट और सफेद शर्ट पहनकर समारोह में हिस्सा लिया। उनके नाम के सामने रखे गए “श्री शाहरुख़ खान” नामप्लेट ने उनके फैंस को भावुक कर दिया। समारोह में उन्होंने अन्य पुरस्कार विजेताओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की।
इस समारोह में शाहरुख़ खान को उनके फिल्म जवान में शानदार अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (बेस्ट एक्टर) दिया गया। इसके साथ ही विक्रांत मैसी को उनके फिल्म 12th Fail में अदाकारी के लिए बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। पुरस्कार स्वीकार करते हुए शाहरुख़ खान ने कहा, “राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पाना मेरे जीवन का एक अविस्मरणीय पल है। यह सम्मान मुझे हमेशा याद रहेगा।”
रानी मुखर्जी को भी उनकी फिल्म मिसेज़ चटर्जी वर्सस नॉर्वे के लिए पहली बार बेस्ट एक्ट्रेस का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इस समारोह ने भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों की उत्कृष्टता और योगदान को उजागर किया, जिन्होंने वर्षों से अपनी कला से दर्शकों का दिल जीता है।