तेजस्वी को मां का आशीर्वाद नहीं मिलेगा – गिरिराज सिंह का बयान
नवरात्रि पर भी सियासत गरम, तेजस्वी पर हमला करते हुए गिरिराज ने कहा–
लालू खानदान को फिर सत्ता में नहीं आने देंगे

बिहार में चुनाव का माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारी में जुटी हुई हैं । इस बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। नवरात्रि के पहले दिन तेजस्वी यादव ने वीडियो पोस्ट कर लिखा कि मां दुर्गा उन्हें आशीर्वाद दें। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बयान दिया है ।
उन्होंने कहा, “मां दुर्गा तेजस्वी यादव जैसे कपूत को कभी आशीर्वाद नहीं देंगी। लालू जी के खानदान को फिर से सत्ता में आने की इजाजत नहीं होगी।”

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि ” अगर मां आशीर्वाद भी दे देंगी, तो तेजस्वी यादव कभी सत्ता के बारे में सोच नहीं सकते। उन्होंने यह भी जोड़ा कि तेजस्वी के पिताजी ने बिहार के साथ जो किया, वह दोबारा नहीं होगा।”
साथ ही केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब में बदलाव का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से लोगों को दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ व्रत पर तोहफा मिला है। ये बातें उन्होंने बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
बिहार चुनाव की तारीखों का कभी भी ऐलान हो सकता है। पॉलिटिकल पार्टियां लगातार कैंपेनिंग में जुटी हुई हैं। बड़े नेताओं का दौरा भी जारी है। इस कड़ी में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 10 दिन में दूसरी बार बिहार आ रहे हैं। शाह 27 सितंबर को बिहार दौरे पर होंगे।