‘परिवार का इकलौता सक्रिय चेहरा बने मनीष—आईटी प्रभारी बनकर मामा नीतीश के लिए चुनावी लड़ाई में सोशल मीडिया के ‘डिजिटल योद्धा’ ‘
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जेडीयू की सोशल मीडिया रणनीति का नेतृत्व कर रहे हैं मनीष कुमार। विपक्ष पर हमले और डिजिटल प्रचार में उनका कद बढ़ा।
बिहार पर विधानसभा चुनाव का रंग चढ़ चुका है। दोनों खेमों की सभी पार्टियां सुपर एक्टिव हो चुकी हैं। एक दूसरे पर हमला करने का कोई मौका नहीं चूक रहीं। बीजेपी, जेडीयू और चिराग पासवान एक तरफ तो आरजेडी, कांग्रेस और वाम दल एक तरफ हैं। इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा सुपर चार पार्टियों की हो रही है, जिसमें बीजेपी-जेडीयू और आरजेडी-कांग्रेस मुख्य हैं। सभी दल अपने-अपने स्तर और काबिलियत के बल पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बीजेपी और आरजेडी के आक्रामक कैंपेन के बीच सत्ताधारी जेडीयू के चुनाव प्रचार की चर्चा कम हो रही है।
दरअसल, बीजेपी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार में रैलियां कर चुके हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपनी बिहार अधिकार यात्रा अभी खत्म की है। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मिलकर वोटर अधिकार यात्रा की थी। मगर, बिहार में जेडीयू ही एक ऐसी पार्टी बची है, जिसने अकेले कोई यात्रा या कोई बड़ी रैली अभी तक नहीं की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी के साथ जरूर दो बार उनके साथ रैलियों में मंच पर नजर आए हैं, लेकिन वह फिलहाल अभी जनता से डायरेक्ट संवाद नहीं कर पाए हैं।
ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर जनता दल यूनाइटेड का चुनावी प्रचार कैसे चल रहा है। सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और उसके शीर्ष नेता किस तरह से अपनी पार्टी के मुद्दे जनता के बीच रख रहे हैं। साथ ही पार्टी अपने विरोधियों पर किस तरीके से हमले कर रही है? यह सबकुछ हम इस खबर में जानेंगे…
जेडीयू के शीर्ष नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही जनता के बीच डायरेक्ट नहीं पहुंच रहे हैं, लेकिन वह अपनी सरकार की तरफ से जनता के लिए ताबड़तोड़ घोषणाएं कर रहे हैं। वह अपने आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म से अपनी पिछली सरकारों में किए गए कामों का लेखा-जेखा जनता के सामने रख रहे हैं। इसके साथ ही युवा, महिला, किसान और अन्य वर्गों के लिए सरकार आने पर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं।
नीतीश के रक्षक बने भांजे मनीष कुमार
पहली बार जेडीयू सभी सोशल मीडिया मंचों पर आक्रामकता के साथ विपक्षी दलों और उनके नेताओं पर हमले कर रही है। इसके लिए पार्टी की तरफ से नए-नए टूल्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। जेडीयू की इस आक्रमकता के पीछे और कोई नहीं बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भांजे मनीष कुमार हैं।
भांजे मनीष कुमार अपने मामा के लिए सोशल मीडिया पर रक्षक की भूमिका निभा रहे हैं। वह विपक्ष के किसी भी हमले का जोरदार तरीके से पलटवार कर रहे हैं। दरअसल, मनीष कुमार जेडीयू के आधिकारिक तौर पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मुख्यालय के प्रभारी हैं। जेडीयू की सोशल मीडिया उन्हीं के निर्देशन में चल रहा है।
हालांकि, वह लंबे समय से पार्टी के सोशल मीडिया की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। वह लोकसभा चुनाव और उससे पहले के विधानसभा चुनाव में भी एक्टिव रहे थे। मनीष कुमार पार्टी की आईटी टीम का पूरा काम देख रहे हैं। वह पार्टी की बड़ी बैठकों में भी मौजूद रहते हैं। मनीष कुमार सीएम नीतीश के परिवार के इकलौते सदस्य हैं, जो राजनीति में सक्रिय हैं।
नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू इस चुनाव में आक्रामक दिख रही है। पार्टी के X हैंडल से लगातार सरकारी योजनाओं, नई घोषणाओं और विरोधियों पर हमले किए जा रहे हैं। ग्राफिक्स, वीडियो और कार्टून बनाने में AI की मदद ली जा रही है, जिसमें लालू, तेजस्वी और राहुल गांधी पर व्यंग्य किए जा रहे हैं।