रूस में 7.8 तीव्रता का भूकंप: कमचटका प्रायद्वीप में सुनामी अलर्ट, दहशत का माहौल
सुनामी की चेतावनी जारी, कई आफ्टरशॉक्स से बढ़ी दहशत।
दुनिया लगातार भूकंप के झटकों से दहल रही है। बीते दिनों नेपाल,अफगानिस्तान समेत कई जगहों पर भूकंप आया था। शुक्रवार की सुबह रूस के कमचटका प्रायद्वीप में 7.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप के केंद्र की गहराई 10 किमी थी और इसके बाद कई आफ्टरशॉक्स आए, जिनमें से सबसे शक्तिशाली 5.8 तीव्रता का था। भूकंप के बाद, यूएस नेशनल वेदर सर्विस ने क्षेत्र के लिए सुनामी चेतावनी जारी की है ।
खबरों के अनुसार कमचटका क्षेत्र के गवर्नर व्लादिमीर सोलोडोव ने बताया कि भूकंप के बाद पूर्वी तटीय इलाकों के लिए तत्काल सुनामी की चेतावनी दी गई। यह क्षेत्र बेरिंग सागर और प्रशांत महासागर के बीच स्थित है। कमचटका क्षेत्र रिंग ऑफ फायर क्षेत्र का हिस्सा है जो भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है ।
इससे पहले बीते शनिवार 13 सितंबर को एक और 7.4 तीव्रता का भूकंप आया था, लेकिन Pacific Tsunami Warning Centre (PTWC) ने कहा था कि इस बार सुनामी का कोई खतरा नहीं था। पहले इसे 7.5 तीव्रता का बताया गया था, जिसे बाद में डाउनग्रेड किया गया।

हाल के समय में रूस में यह तीसरी बार भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा हो गया है। बीते दिनों में अफगानिस्तान और म्यांमार में आए भूकंपों ने भारी नुकसान पहुंचाया था ।