ईडी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी एप 1x मामले में रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह समेत कई नामचीन हस्तियों को समन भेजा है।
पहले भी उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती, शिखर धवन, सुरेश रैना और हरभजन सिंह से पूछताछ हो चुकी है।
ऑनलाइन सट्टेबाजी का जाल आखिर कहां तक फैला हुआ है? इस मामले में दिन-ब-दिन नए खुलासे होते जा रहे हैं। ताज़ा जानकारी के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कुछ और लोगों को समन भेजा है। इन नामचीन लोगों में पूर्व भारतीय खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह भी शामिल हैं। यह खिलाड़ी भी बेटिंग एप 1x से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। खिलाड़ी से लेकर अभिनेता तक इस सूची में शुमार हैं। कुछ दिनों पहले ही अभिनेत्री उर्वशी रौतेला और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती को भी ईडी ने समन भेजा था। ऐसा अनुमान है कि अलग-अलग सट्टेबाजी ऐप्स में लगभग 22 करोड़ भारतीय जुड़े हुए हैं।
उर्वशी रौतेला और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अभिनेत्री उर्वशी रौतेला और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए समन भेजा था। दोनों को ही 15 और 16 सितंबर को ईडी के दफ्तर जाना पड़ा था। यह जांच बेटिंग कंपनी 1x से जुड़ी हुई बताई गई थी। आपको बता दें कि कुछ वक्त पहले ही केंद्र सरकार ने एक कानून बनाकर इन ऑनलाइन सट्टेबाजी वाली एप्लीकेशंस पर बैन लगाया था।
इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ की थी। धवन से यह पूछताछ ऑनलाइन बेटिंग एप में उनकी भूमिका को लेकर हुई थी। आरोप था कि धवन बेटिंग एप 1x को प्रमोट कर रहे थे। ऑनलाइन सट्टेबाजी एप्स को प्रमोट करने के आरोप में ईडी इससे पहले सुरेश रैना, हरभजन सिंह और युवराज सिंह से भी पूछताछ कर चुकी थी। 1x ने दिसंबर में सुरेश रैना को गेमिंग एंबेसेडर बनाया था।
फिल्मी सितारे भी शामिल
फिल्मी सितारे भी इसमें शामिल रहे थे। प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले कुछ वक्त से ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाली इन एप्स पर शिकंजा कसना शुरू किया था। इसी दौरान हुई एक अन्य कार्रवाई में सिनेमा जगत से जुड़े कई बड़े नाम सामने आए थे, जिनमें बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय अभिनेताओं के नाम भी शामिल थे।