इटली के मशहूर डिज़ाइनर GIORGIO ARMANI, जिन्होंने वैश्विक फैशन को नई परिभाषा दी और हॉलीवुड सितारों को सजाया, अब सिर्फ अपनी विरासत के ज़रिए ज़िंदा रहेंगे।
इटली के महान फैशन डिज़ाइनर जियोर्जियो अरमानी अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने 91 साल की उम्र में मिलान स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। अरमानी को ‘किंग जियोर्जियो’ कहा जाता था। उनके जाने से फैशन जगत ने एक बड़ा सितारा खो दिया है।
1975 में अरमानी ने अपना ब्रांड शुरू किया
अरमानी ने 1975 में अपना ब्रांड शुरू किया था। थोड़े ही समय में उन्होंने फैशन की दुनिया में नई पहचान बना ली। उनका डिज़ाइन साफ-सुथरा, क्लासी और हमेशा ट्रेंड में रहने वाला माना जाता था। हॉलीवुड के बड़े सितारे जैसे जूलिया रॉबर्ट्स, रिचर्ड गेयर, टॉम क्रूज़ और लेडी गागा उनके कपड़ों में रेड कार्पेट पर नजर आए। अरमानी ने फैशन को सिर्फ कपड़ों तक नहीं रखा, बल्कि परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स, होटल और रेस्टोरेंट तक अपना बिज़नेस फैलाया। फोर्ब्स के अनुसार उनकी संपत्ति लगभग 10–12 अरब डॉलर (करीब 1 लाख करोड़ रुपये) थी। दुनियाभर में उनके 600 से ज्यादा स्टोर हैं।
रोबर्टा अरमानी होंगी कम्पनी की नई मालकिन
उन्होंने कभी शादी नहीं की और न ही कोई संतान थी। लेकिन उन्होंने अपने बिज़नेस की जिम्मेदारी पहले ही तय कर दी थी। उनकी भतीजी रोबर्टा अरमानी कंपनी के पब्लिक रिलेशन और हॉलीवुड कनेक्शन को संभाल रही हैं।
अरमानी का रिश्ता बॉलीवुड से भी रहा। उन्होंने ऐश्वर्या राय और सोनम कपूर को अपने फैशन शो में बुलाया। ऐश्वर्या राय को उन्होंने अपनी कंपनी की 40वीं सालगिरह पर खास तौर से आमंत्रित किया था। बीमार रहने के बावजूद अरमानी ने आखिरी दिनों तक फैशन पर काम किया। वे हमेशा छोटे-छोटे डिटेल पर ध्यान देते थे—रंग, सिलाई और फिटिंग तक।
उनके निधन पर दुनियाभर के डिज़ाइनर और सितारे दुख जता रहे हैं।
