नई दिल्ली/पटना। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दिए जाने के विवाद ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। घटना के सात दिन बाद मंगलवार को पीएम मोदी ने पहली बार इस पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह गाली सिर्फ मेरी मां को नहीं दी गई यह गाली देश की करोड़ों माँओं को दी गई है। यह अपमान सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है यह देश की लाखों करोड़ों माता और बहनों का अपमान है। वर्चुअल संबोधन के दौरान वह भावुक हो गए ।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे आज इस बात की पीड़ा है कि मेरी मां को गालियां दी गईं। मां का स्थान देवताओं से भी ऊपर माना जाता है। मेरी मां ने मुझे देश सेवा के लिए भेजा था, अपने लिए कुछ पाने के लिए नहीं। जिन लोगों का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं, उन्हें भी गालियां दी जा रही हैं। यह गालियां करोड़ों माताओं-बहनों का अपमान है।”
गंदी नाली का कीड़ा, जहर वाला सांप, बिहार चुनाव में मुझे तू, तड़ाक कर के गाली देकर बोलते हैं। इनकी नामदार वाली सोच बार-बार उजागर होती है। जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं उन्हें अपने मंच से गालियां दिलवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोने-चांदी के चम्मच लेकर पैदा हुए लोग गरीब की पीड़ा को नहीं समझ सकते। “नामदार सोच वाले लोग बार-बार अपने मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। आज मेरी मां नहीं हैं, लेकिन उनके नाम पर राजनीति की जा रही है।”
नवरात्रि और छठ का जिक्र करते हुए बिहारवासियों से अपील
पीएम मोदी ने भावुक अंदाज में कहा कि भारत की धरती ने कभी मां का अपमान बर्दाश्त नहीं किया है। “अब 20 दिन बाद नवरात्रि शुरू होगी और फिर छठ पूजा होगी। मैं बिहार के लोगों से कहना चाहता हूं कि इस अपमान की भरपाई हर बेटे-बेटी की जिम्मेदारी है। आरजेडी और कांग्रेस जहां भी जाएं, उन्हें इस अपमान का जवाब जनता की आवाज से देना होगा।”
कार्यक्रम के दौरान महिलाएं हुईं भावुक
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को वर्चुअली बिहार राज्य जीविका निधि शाखा सहकारी संघ लिमिटेड के कार्यक्रम से जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने संस्था के बैंक खाते में 105 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। पीएम मोदी की भावनात्मक बातें सुनकर बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की आंखों में भी आंसू आ गए। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद कई महिलाएं भी रो पड़ीं।