संजय लीला भंसाली के खिलाफ धोखाधड़ी के लिए एकआईआर दर्ज, लव एंड वॉर फिल्म विवाद
बीकानेर। मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली फिर एक नए विवाद में फंस गए हैं। राजस्थान के बीकानेर जिले के बीछवाल थाना में भंसाली और उनकी टीम के दो सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत लाइन प्रोड्यूसर प्रतीक राज माथुर ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उन्हें फिल्म ‘Love and War’ के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था, लेकिन बाद में बिना भुगतान किए उसे रद्द कर दिया गया।
क्या हैं आरोप?
प्रतीक राज माथुर ने भंसाली के अलावा अरविंद गिल और उत्कर्ष बाली पर भी आरोप लगाए हैं।
केस में धोखाधड़ी, विश्वासघात और आपराधिक धमकी की धाराएं जोड़ी गई हैं। जांच की जिम्मेदारी एसएचओ गोविंद सिंह चरण को सौंपी गई है।शुरुआती जांच सर्किल ऑफिसर विशाल जांगिड़ की निगरानी में चल रही है।
शिकायतकर्ता का पक्ष
माथुर का कहना है कि उन्होंने शूटिंग के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली थीं और सरकारी विभागों से समन्वय भी किया था। लेकिन जब वे टीम से मिलने पहुंचे तो उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया और उन्हें प्रोजेक्ट से हटा दिया गया।
फिल्म ‘लव एंड वार’ की झलक
भंसाली की आगामी फिल्म ‘Love and War’ की शूटिंग फिलहाल राजस्थान में चल रही है। यह फिल्म एक एपिक सागा के रूप में तैयार की जा रही है जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज़ 2026 में होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। अगर आरोप साबित होते हैं तो इस विवाद का असर फिल्म की शूटिंग शेड्यूल और रिलीज़ पर पड़ सकता है।गौरतलब है कि भंसाली की फिल्मों को लेकर पहले भी राजस्थान में विवाद सामने आते रहे हैं। हालांकि इस बार मुद्दा फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि वित्तीय और प्रोडक्शन संबंधी बताया जा रहा है।