टीवी और मराठी सिनेमा की जानी मानी अभिनेत्री प्रिया मराठे का रविवार को निधन हो गया। उनकी उम्र मात्र 38 वर्ष थी। द हिन्दू की एक रिपोर्ट के मुताबिक वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी।
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, प्रिया मराठे का निधन रविवार तड़के लगभग चार बजे मीरा रोड स्थित उनके निवास पर हुआ। उनकी असमय मृत्यु की खबर से मराठी मनोरंजन जगत और हिन्दी टीवी इंडस्ट्री में गहरा शोक है। सहकर्मी कलाकारऔर प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे है।
‘पवित्र रिश्ता’ से घर-घर में हुईं मशहूर
प्रिया ने अपने करियर की शुरुआत मराठी टीवी शो और नाटकों से की थी। बाद में उन्होंने हिंदी टेलीवीज़न में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई। उन्हें लोकप्रियता ‘पवित्र रिश्ता सीरियल से मिली, जिसमें उन्होंने वर्षा का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह ‘कसम से’ और कई अन्य धारावाहिकों में भी नजर आईं। करीब दो दशक तक उन्होंने अभिनय जगत में अपनी पहचान बनाए रखी।
कैंसर से लंबी जंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिया दो साल से कैंसर से पीड़ित थीं। इलाज के बावजूद बीमारी बार-बार लौटती रही। बताया जाता है कि हाल ही में रिलेप्स के दौरान भी वह एक मराठी शो की शूटिंग कर रही थीं। हालांकि इस बारे में परिवार की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है।
उनके निधन के बाद मराठी व हिंदी टीवी इंडस्ट्री के कलाकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अभिनेत्री के चचेरे भाई अभिनेता सुबोध भावे ने इंस्टाग्राम पर लिखा ‘मेरी बहन एक योद्धा थी’’। वहीं, पवित्र रिश्ता में उनकी सहकलाकार उषा नाडकर्णी ने कहा ‘‘अच्छा नहीं हुआ उसके साथ’’.
प्रिया आखिरी बार 2023 में मराठी शो ‘तुझेच मि गीत आहे’ में नजर आई थी।